आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को बयान जारी कर श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित ज़मीन घोटाले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) अध्यक्ष को मेल भेजकर मिलने का समय मांगा है। उनके पास इस मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ हैं, जिन्हें वह स्वयं एसआईटी को देना चाहते हैं।
संजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर हुई ज़मीन खरीद में गंभीर वित्तीय अनियमितता के दस्तावेज़ उनके पास हैं। 1.73 करोड़ की एक ज़मीन को 29.67 करोड़ में खरीदा गया। यह अंतर अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करता है। इसकी विस्तृत जांच आवश्यक है। यदि सरकारी एजेंसियां निष्पक्षता से जांच करें तो पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह केवल एक ज़मीन का मामला नहीं है। उनके पास करीब 11 ज़मीनों से संबंधित दस्तावेज़ हैं। जिनमें खरीद-फरोख्त, मूल्यांकन तथा अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड शामिल हैं। इन सभी दस्तावेज़ों को वह एसआईटी को देकर जांच की मांग करेंगे। संजय सिंह ने कहा कि पार्टी इस मामले को अंत तक उठाती रहेगी और जनता के सामने तथ्य रखती रहेगी।