उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा की मुख्य परीक्षा-2026 की लिखित परीक्षा रविवार को प्रदेश के 12 जनपदों में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न हुई। परीक्षा में 79.29 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं, परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस के जरिये नकल करते एक परीक्षार्थी को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को लखनऊ के महानगर स्थित दयानंद कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से पकड़ा गया। उसके पास से ब्लूटूथ डिवाइस समेत मोबाइल फोन और परीक्षा से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं।
एसटीएफ एएसपी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि तफ्तीश में पता चला कि 23 अगस्त को होने वाली परीक्षा में दयानंद कन्या इंटर कॉलेज में एक परीक्षार्थी ब्लूटूथ डिवाइस के जरिये नकल करने पहुंचा है। एसटीएफ टीम ने जौनपुर निवासी परीक्षार्थी बृजेश कुमार यादव को पकड़ लिया। वर्तमान में वह प्रयागराज में रह रहा था। पूछताछ में बृजेश ने बताया कि प्रयागराज निवासी रमेश चंद्र पटेल ने उसे ब्लूटूथ डिवाइस दी थी। डिवाइस को उसने अपनी अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा केंद्र में पहुंचाया था। डिवाइस को छिपाने के लिए उसने बनियान में एक जेब भी सिलवाई थी, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो।
10 लाख दिए थे: आरोपी के मुताबिक इस काम के लिए उसने रमेश चंद्र पटेल को एडवांस के तौर पर 10 लाख रुपये दिए थे। परीक्षा पास होने पर और रकम देना होता। मामले में महानगर थाने में रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रमेश की तलाश जारी है।
कुल 229 परीक्षा केंद्र बनाए गए