लखनऊ में स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बिजली उपयोग पर उपभोक्ताओं को कई सुविधाएं मिल रही हैं। फर्जी बिलिंग से राहत, ऐप के जरिए खपत की निगरानी और आसान रिचार्ज जैसी सुविधाएं शामिल हैं। बैलेंस खत्म होने से पहले सूचना मिलती है और मीटर खराब होने पर स्वतः जानकारी विभाग को पहुंचती है।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बिजली का उपभोग करने पर उपभोक्ताओं को सात तरह के फायदे हैं। न तो फर्जी रीडिंग का बिल बनने का झंझट और न ही कार्यालय में भटकने की जरूरत। यह दावा लखनऊ मध्य जोन के अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) मुकेश कुमार त्यागी ने प्रेसवार्ता में किया।
विज्ञापन
शनिवार को 1912 कॉल सेंटर हुसैनगंज पर अधीक्षण अभियंता ने पत्रकारों को बताया कि स्मार्ट मीटर को लेकर वह लोग नियोजित तरीके से तमाम तरह के भ्रम फैला रहे, जो समय पर बिल का भुगतान नहीं करते हैं। त्यागी ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर के सात फायदे गिनाते हुए कहा कि जो उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट एप को डाउनलोड कर लेगा उसको इस सिस्टम से कोई परेशानी नहीं होगी।
इस एप के जरिए उपभोक्ता रोजाना जलने वाली बिजली की निगरानी करके अपने बिल को घटा सकता है। अनावश्यक बिजली के उपकरणों का उपभोग करने से बिल बढ़ेगा, जिससे रिचार्ज जल्दी खत्म होगा। उन्होंने कहा कि जब से स्मार्ट प्रीपेड मीटर सिस्टम लागू हुआ, तब से उन उपभोक्ताओं को बिल भरना पड़ रहा, जिन्होंने दो-दो साल तक बकाया नहीं चुकाया था।
उपभोक्ताओं कौन-कौन सी सुविधाएं
स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बैलेंस पॉजिटिव रखने पर रिचार्ज करने पर दो फीसदी की छूट
एप के जरिए बिजली खपत पर कर सकते निगरानी, फिजूलखर्ची पर लगा सकते रोक
रीडर आपके मीटर की फर्जी व गलत रीडिंग को फीड कर ज्यादा बिल नहीं बना सकता
मीटर का बैलेंस खत्म होने से पहले रिचार्ज करने के लिए बार-बार आएगा संदेश
रिचार्ज करने के लिए किसी के पास भटकन की जरूरत नहीं, खुद करें रिचार्ज
यूपीपीसीएल का स्मार्ट मोबाइल एप को डाउन करने पर सभी सूचनाएं हासिल होंगी
स्मार्ट प्रीपेड मीटर खराब होने पर उसकी सूचना खुद ही अफसरों को पता चल जाती, मुफ्त में बदलता