योगी सरकार देगी शिक्षकों को पुरस्कार।
- फोटो : अमर उजाला।
राष्ट्रीय और माध्यमिक के बाद बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से राज्य अध्यापक पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की सूची जारी कर दी गई। इसके अनुसार परिषदीय विद्यालयों के 66 शिक्षकों को इस साल का राज्य अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा। हर जिले से एक शिक्षक को पुरस्कार देने का लक्ष्य था लेकिन 66 जिलों से ही शिक्षक शॉर्टलिस्ट हुए।
इन चयनित शिक्षकों को दो साल का सेवा विस्तार, 25-25 हजार रुपये नगद, प्रमाण पत्र, सरस्वती की प्रतिमा व अंगवस्त्र दिया जाएगा। साथ ही परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा का भी लाभ मिलेगा। बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार की ओर से चयनित 66 शिक्षकों की सूची जारी की गई है। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए शिक्षकों के साक्षात्कार बेसिक निदेशालय में राज्य चयन समिति के सामने 24 से 31 जुलाई और एक से 12 अगस्त के बीच किए गए थे।
अवध के जिलों के ये शिक्षक होंगे सम्मानित
राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों में अंबेडकर नगर के उच्च प्राथमिक विद्यालय कुडि़या चितौना से राम पलट सिंह, अमेठी के प्राथमिक विद्यालय माधवपुर की प्रधानाध्यापक किरन सिंह, अयोध्या के कंपोजिट विद्यालय पाराताजपुर दो के अनूप मल्होत्रा। बहराइच के प्राथमिक विद्यालय गुलरिहा गाजीपुर के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह, बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय सरायखास के प्रधानाध्यापक भानु प्रकाश मिश्र, बाराबंकी के कंपोजिट विद्यालय मनेरा की लक्ष्मी सिंह। गोंडा के प्राथमिक विद्यालय महेशपुर की प्रधानाध्यापक वंदना पटेल, लखनऊ के पीएमश्री बेसिक विद्यालय खुशहालगंज की प्रधानाध्यापक अंजलि सक्सेना, रायबरेली के उच्च प्राथमिक विद्यालय सुदौली की राज लक्ष्मी वर्मा, सीतापुर के प्राथमिक विद्यालय पैगंबरपुर की प्रधानाध्यापक किस्मत द्विवेदी, सुल्तानपुर के प्राथमिक विद्यालय कस्बा सुल्तानपुर की प्रधानाध्यापक बबिता सिंह शामिल हैं।