उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत करीब 60 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलने जा रहा है। लगभग 10 साल बाद शिक्षकों की प्रोन्नति प्रक्रिया शुरू हुई है। हालांकि, ज्यादातर जिलों में अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। सिर्फ श्रावस्ती जिले में पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी हुई है। इस पर बेसिक शिक्षा परिषद ने नाराजगी जताते हुए सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को जल्द प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में इससे पहले वर्ष 2016 में शिक्षकों की पदोन्नति हुई थी। इसके बाद से शिक्षक इंतजार में थे। नियमानुसार पांच साल की सेवा पूरी करने वाले प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर पदोन्नति दी जाती है। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति का प्रावधान है। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में करीब 3.15 लाख शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें लगभग 60 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलने की संभावना है। वहीं, वरिष्ठता के बावजूद पद खाली न होने पर 10 साल की सेवा के बाद चयन वेतनमान और 22 साल बाद प्रोन्नत वेतनमान का लाभ दिया जाता है।
ये भी पढ़ें - यूपी चुनाव 2027: सपा ने पांच सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, कैराना से नाहिद हसन को बनाया उम्मीदवार, देखें सूची
ये भी पढ़ें - यूपी: 'बाबा रामदेव और अखिलेश यादव की भाषा एक', धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी कहने पर बोले आचार्य प्रमोद कृष्णम
वरिष्ठता के आधार पर काउंसिलिंग के निर्देश
विभाग अब विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की तैनाती भी सुनिश्चित करना चाहता है। प्राथमिक विद्यालय में 150 और उच्च प्राथमिक विद्यालय में 100 विद्यार्थियों पर प्रधानाध्यापक का पद सृजित है। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने सभी बीएसए को वरिष्ठता के आधार पर काउंसिलिंग कराकर पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पहले वरिष्ठता और टीईटी की अनिवार्यता को लेकर मामला न्यायालय में लंबित रहने से प्रक्रिया अटकी थी। परिषद की तय समयसीमा बीतने के बाद अब 30 नवंबर तक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। गोंडा में शिक्षकों ने देरी के विरोध में धरना भी दिया था।