श्रावस्ती में होली व उसके एक दिन पूर्व हुए तीन हादसों में दो सगे भाइयों सहित चार लोगों की मौत हो गई। वहीं एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है।
नवीन मॉडर्न थाना कटरा के ग्राम गोपालपुर के मजरा होलईपुर निवासी लवकुश (25) पुत्र नान्हे बृहस्पतिवार को खेत गया था। इस दौरान उसका छोटा भाई रंजीत (19) भी उसके साथ था। बताया जा रहा है कि लवकुश खेत में मौजूद कुएं में झांकने लगा, तभी अचानक वह कुएं में गिर गया। उसे बचाने के लिए रंजीत भी कुंए में कूद गया। कुएं में पानी अधिक होने के कारण डूबने से दोनों भाइयों की डूबने डूबने से मौत हो गई।
वहीं शुक्रवार को फोरलेन स्थित सोनवा थाना क्षेत्र के भेंसरी मोड़ पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार थाना क्षेत्र के ही ककन्धू निवासी अनूप कुमार वर्मा (33) पुत्र आत्माराम वर्मा की मौत हो गई। वहीं उसका पांच वर्षीय पुत्र अनुराग भीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच ले जाया गया है।
एक अन्य घटना में कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम दासियापुर के मजरा कटही में शुक्रवार होली खेलने के बाद गांव निवासी सूर्यभान (22) पुत्र ननके नहर में नहाने गया था। वहां नहाते समय उसकी नहर में डूबने से मौत हो गई।
ये भी पढ़ेंः- UP: होली में देवा से निकला सौहार्द का पैगाम, हिंदू-मुस्लिम ने एक साथ खेला रंग, सदियों पुरानी परंपरा निभाई
अंबेडकरनगर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में होली के पर्व के दौरान सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जलालपुर थाना क्षेत्र के पट्टी चौराहे के पास दो बाइकों की भिड़ंत में मुईयम निवासी दिव्यांग दिनेश प्रजापति की मौत हो गई। जबकि, एक अन्य घायल हो गया। बसखारी थाना क्षेत्र में किछौछा दरगार के पास चार पहिया वाहन की टक्कर से दानिश (8) की मौत हो गई।
मालीपुर थाना क्षेत्र के सुरहरपुर चौहारे के पास तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार धीरेंद्र सिंह (60) को टक्कर मारकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जहांगीरगंज क्षेत्र में कमहरिया मार्ग बाइक सवार उमरी जलालपुर निवासी विनोद सोनी (35) अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। इसमें उसकी मौत हो गई। इसके अलावा अन्य सड़क हादसों करीब दो दर्जन लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए
रायबरेली में होली में दो दिन के दौरान सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। बछरावां कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बछरावां मौरावां हाईवे पर छोटकवा खेड़ा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने युवती को टक्कर मार दी। जिससे युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसके शव के चीथड़े हाईवे पर फैले थे। युवती की पहचान भट्ठे पर काम करने वाली लक्ष्मी पुत्री (19) पुत्री इंद्रजीत थाना हरिया बिसंडा जनपद बांदा के रूप में हुई है।
जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों के आवागमन पर रोक लगाकर सड़क पर शव के फैले पड़े हुए टुकड़ों को समेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। सीसीटीवी कैमरे के जरिए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
इसी तरह रायबरेली-लालगंज राजमार्ग पर स्थित किलौली चौराहे पर सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पार कर रहे बाबा बिहारी गिरी (70) वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बाबा बिहारी गिरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बाबा बिहारी गिरी की मौत हो गई। बाबा बिहारी गिरी किलौली स्थित शिव मंदिर में पुजारी थे।
सीतापुर में होली पर अलग-अलग हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई। इसमें से ड्यूटी से लौटकर एक होमागार्ड की भी मौत शामिल है।
- तालगांव थाना क्षेत्र में लहरपुर बिसवां मार्ग पर बिजली के खम्भे से बाइक टकराई। इस हादसे में दो युवकों जितेंद्र (30) व विनोद (30) की मौत हो गई। वहीं पेट्रोल छलक जाने से बाइक भी जल गई।
- महोली कोतवाली क्षेत्र में एक पिकअप व ई रिक्शा आपस मे टकरा गए। इसमें ई-रिक्शा चालक आलम (45) की मौत हो गई।
- मिश्रित में एक बाइक व कार आपस में टकरा गए। इसमे बाइक सवार वेद प्रकाश (45) की मौत हो गई।
- इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक होमगार्ड की बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गई। इसमें ड्यूटी पर लौट रहे होमगार्ड रामसेवक (55) की मौत हो गई।
- महमूदाबाद में दो बाइक आपस में टकरा गई। इसमे एक युवक राजेन्द्र प्रसाद (38) की मौत हो गई।
- मछरेहटा में होली के दिन एक बाइक खजूर के पेड़ से टकरा गई। इसमे आदित्य (19), सन्दीप (23) और सुजीत (16) की मौत हो गई।
बाराबंकी में होली के त्योहार की भीड़ भाड़ के बीच बुधवार देर रात से शुक्रवार दिन तक सड़क हादसे में अलग-अलग जगह पर आठ लोगों की मौत हो गई। इसमें एक अंबेडकर नगर का दरोगा भी शामिल है।अंबेडकरनगर के मूल निवासी और लखीमपुर के पुलिस लाइन में तैनात दरोगा विनोद सिंह रात करीब 12:00 बजे लखनऊ से अंबेडकर नगर की ओर बाइक से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान सफेदाबाद के निकट एक ट्रक टक्कर से उनकी मौत हो गई।
रामनगर क्षेत्र में बाराबंकी बहराइच नेशनल हाईवे के किनारे खड़े महंगूपुर गांव के पिकअप चालक महेश कुमार को नशे में धुत एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिसमें उसकी मौत हो गई। इसी तरह, कुर्सी क्षेत्र में भेड़िया मजरे लिलौली गांव निवासी दिवाकर (18) अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक से जा रहा था।
इस दौरान पोखंनी रेगुलेटर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों घायल हो गए। दिवाकर को सीएचसी देवा में मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा शहर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ अयोध्या मार्ग पर कुरौली के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
शहर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि पहचान करने के बाद परिजनों को सूचना दी गई है। उधर, बदोसराय थाना क्षेत्र में सिरौली गौसपुर उधौली सड़क मार्ग पर मोहम्मदपुर गांव के पास आमने-सामने दो बाईकों में टक्कर हो गई जिसमें शहरी गांव का रेस्टोरेंट संचालक अनिल (27) की मौत हो गई। एक घायल को मृत हालत में जिला अस्पताल लाया गया।
ट्रेन हादसे में दो की मौत
पहला हादसा दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या-लखनऊ रेलमार्ग पर हुआ, जहां नियामतपुर गांव निवासी 45 वर्षीय राजेश कुमार रावत की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। राजेश अविवाहित था और मजदूरी करता था। रेलवे ट्रैक पार करते समय वह कैफियत एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। इसी तरह, बाराबंकी लखनऊ रेल मार्ग पर सफेदाबाद के निकट एक युवक की ट्रेन हादसे में मौत हो गई।
गोंडा जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत पांच की मौत हो गई। इसमें आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छपिया बाजार से मसकनवा बाजार जाते समय भाविजतपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की रात कार व बाइक की टक्कर हो गई। इसमें 68 वर्षीय मदनलाल गुप्ता की मौत हो गई, जबकि राजेश गुप्ता घायल हो गए। घायल को दर्शन नगर मेडिकल कालेज अयोध्या रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना शुक्रवार की शाम सात बजे हुई। चटकनवा गांव निवासी 55 वर्षीय शेषराम वर्मा अपने घर से साइकिल से मसकनवा गांव दूध देने गए थे। वापस लौटते समय छपिया मसकनवा बभनान मार्ग पर मसकनवा गांव के पास बभनान की ओर जा रहे एक मोटर साइकिल ने टक्कर मार दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें सीएचसी छपिया पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उन्हें मृत्यु घोषित किया।
तीसरी घटना शनिवार की सुबह पांच बजे की है।मसकनवा के असनहरा गांव निवासी शिवपूजन अपने परिजनों के साथ स्कॉर्पियो वाहन से प्रयागराज जा रहे थे। मसकनवा बभनान मार्ग पर मसकनवा गांव के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। जिससे शिवपूजन 65 वर्ष, मूरता उम्र 60 वर्ष, पूनम 15 वर्ष, मनीष 20 वर्ष, शिवांगी 19 वर्ष, रक्षाराम 40 वर्ष, सुनील 33 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी छपिया ले जाया गया। जहां से दर्शन नगर मेडिकल कालेज अयोध्या रेफर कर दिया गया। घायलों में सुनील की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
हादसे में किसान की मौत
मोतीगंज थाना क्षेत्र के राजगढ़ -दतौली मार्ग पर बृहस्पतिवार की शाम को नौबरा के मजरा साईंपुरवा निवासा किसान जनकराम वर्मा ट्रैक्टर ट्राली से गन्ना बेचने जा रहे थें। मोतीगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गंत भोरहा गांव के पास ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई और जनकराम उसी के नीचे दब गये। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई।
पत्नी व बेटे के साथ जा रहे युवक की हादसे में मौत
ग्राम रामनगर झिन्ना के हरिराम वर्मा ने बताया कि बेटा सियाराम वर्मा (35) पत्नी ज्ञानमती 32 और बेटे अमन (4) के साथ अपनी ससुराल खमरिया कौड़िया बाजार जा रहा था। जब वह महाराजगंज आर्यनगर मार्ग पर ग्राम ओरीपुरवा थाना खरगूपुर पहुंचा। एक अज्ञात वाहन ने उसे सामने से ठोकर मार दी। सियाराम वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी ज्ञानमती व बेटे अमन घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत
प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने बताया कि रामावती (55) पत्नी अमिरका निवासी ईश्वरनंदकुटी शुक्रवार की सायं पैदल अपने मायके लक्ष्मणपुर लाल नगर जा रही थी। मध्यनगर विजयगढ़वा लखनीपुर मार्ग पर रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे महिला की मौत हो गई। काफी देर बाद महिला की पहचान हो सकी। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में होली के दिन कई दुर्घटनाएं हुईं। इनमें तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। कुड़वार थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर-हलियापुर मार्ग पर सहजौरा के पास शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार सुरेश (45) निवासी गौरा बारामऊ थाना बल्दीराय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी कुड़वार से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कुड़वार थाना क्षेत्र के रवनिया पूरब गांव के पास शुक्रवार शाम लखनऊ-वाराणसी नेशनल हाईवे पर सड़क पार करते समय उपाध्याय पुर नरही निवासी मुलायम यादव (32) कंटेनर से टकराकर घायल हो गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
धनपतगंज थाना क्षेत्र के हरौरा बाजार में शुक्रवार देर शाम दो बाइक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार धनपतगंज थाना क्षेत्र धमधरा निवासी हिमांशु (26) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठे उनके गांव के ही अजय कुमार ,श्याम कुमार घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपतगंज से मेेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।
करौंदीकला थाना क्षेत्र के कटघर पूरे चौहान गांव निवासी नवीन कुमार अपनी मां ज्ञानमती और एक छोटे बच्चे के साथ कार से घर आ रहे थे। हरीपुर पेट्रोल पंप के पास बाइक बचाने में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे विद्युत पोल से टकराकर नीचे खाई में पलट गई। दुर्घटना में नवीन उनकी मां और बच्चा घायल हो गया। सीएचसी कादीपुर से तीनों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।