शासन ने अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के 1641 प्रधानाध्यापक व शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। जून से तबादले का इंतजार कर रहे इन शिक्षकों के ऑफलाइन तबादलों को शासन ने हरी झंडी दे दी है। खास यह है कि यह तबादले इसी सत्र में होंगे। वहीं कोई शिक्षक ऐसे विद्यालय में नहीं भेजा जाएगा, जहां वह पूर्व में रह चुका हो।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने मंगलवार को इसके लिए आदेश जारी कर दिया। माध्यमिक शिक्षा निदेशक को जारी निर्देश में उन्होंने कहा है कि 1641 शिक्षकों का ही ऑफलाइन तबादला किया जाएगा। इनके बाद वर्तमान शैक्षिक सत्र में कोई और आवेदन नहीं लिया जाएगा। उन्होंने निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए तबादलों की कार्यवाही जल्द पूरी करने को कहा है।
बता दें कि एडेड कॉलेजों के लिए इस सत्र (2025-26) में पहली बार ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरीके से तबादले की प्रक्रिया अपनाई गई। नियमानुसार जून के अंत तक ऑनलाइन तबादलों की प्रक्रिया तो पूरी हो गई, लेकिन ऑफलाइन तबादलों की प्रक्रिया नहीं पूरी की जा सकी। इसके बाद शिक्षक संगठन लगातार धरना-प्रदर्शन कर ऑफलाइन हुए आवेदन की तबादला प्रक्रिया पूरी करने की मांग कर रहे थे।