दीपावली, भैया दूज व छठ पर्व को लेकर रेलवे स्टेशनों पर रविवार को भी भीड़ उमड़ी। बोगियां ठसाठस रहीं। लेकिन सोमवार से भीड़ का दौर थमना शुरू हो जाएगा। दो-तीन दिन बाद से दिल्ली की ट्रेनों में चेयरकार श्रेणी में कन्फर्म सीटें मिल रही हैं। लेकिन मुंबई की गाड़ियों में अभी भी वेटिंग है।
यात्रियों के लिए कुछ राहत की खबर है। पिछले लंबे समय से दिल्ली व मुंबई की गाड़ियों में कन्फर्म सीटों की मारामारी चल रही थी। एक्स्ट्रा फेयर टिकट ईएफटी कटवाकर यात्रियों को सफर करना पड़ रहा था। लेकिन अब भीड़ कुछ कम होनी शुरू हो जाएगी। हालांकि रविवार को चारबाग, लखनऊ जंक्शन व अन्य रेलवे स्टेशनों पर भीड़ रही। अगले दो से तीन दिन अभी कुछ भीड़ रहेगी, उसके बाद ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलेंगे। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली तेजस एक्सप्रेस की चेयरकार में शुक्रवार व शनिवार को 111, 19 सीटें खाली हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयरकार में बृहस्पतिवार को 397, शुक्रवार को 636 व शनिवार को 264 सीटें रिक्त हैं। शताब्दी एक्सप्रेस की चेयरकार में बृहस्पतिवार व शुक्रवार को क्रमशः 32, 228 सीटें खाली हैं। डबलडेकर एक्सप्रेस की चेयरकार में मंगलवार को 74, बृहस्पतिवार को 789 व शुक्रवार को 887 सीटें खाली हैं। हालांकि लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस जैसी वीआईपी ट्रेनों में अगले हफ्ते भी वेटिंग रहेगी।
मुंबई के लिए लंबी वेटिंग
दूसरी ओर लखनऊ से मुंबई जाने वाली गोरखपुर पनवेल की स्लीपर, थर्ड एसी में पूरे हफ्ते वेटिंग 89 व 60 के बीच है। पुष्पक एक्सप्रेस की स्लीपर व थर्ड एसी में 81 व 65 तक वेटिंग है। कुशीनगर एक्सप्रेस, पूजा स्पेशल ट्रेनों एवं अवध एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग परेशानी का सबब बनेगी।