फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: उन्नति, प्रणय और श्रीकांत प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

Thu, 27 Nov 2025 02:25 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जोरआजमाइश करते ​खिलाड़ी।
विज्ञापन
लखनऊ। मेजबान भारत के शटलरों ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में आसान जीत के साथ प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। महिला शीर्ष वरीय उन्नति हुड्डा और पुरुष एकल में तीसरी वरीयता प्राप्त एचएस प्रणय, चौथी वरीयता प्राप्त किरन जाॅर्ज और पांचवीं वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत ने अपने मुकाबले जीते। प्रतियोगिता के पुरुष एकल में शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह और महिला वर्ग में जापान की नोजोमी ओकुहारा ने आसान जीत दर्ज की।
विज्ञापन


यूपी बैडमिंटन अकादमी में खेली जा रही प्रतियोगिता के पुरुष एकल में पांचवीं वरीय भारत के श्रीकांत ने भारत के ही केविन थंगम को 21-13, 21-10 से हराया। मलयेशिया मास्टर्स के उपविजेता रहे श्रीकांत का सामना दूसरे दौर में सनीथ दयानंद से होगा, जिन्होंने अभिनव ठाकुर को 21-10, 21-14 से मात दी। पुरुष एकल में तीसरी वरीय भारत के एचएस प्रणय ने हमवतन शाश्वत दलाल को 21-15, 21-10 से पराजित किया। महिला एकल में शीर्ष वरीय उन्नति हुड्डा ने पहले दौर में शानदार खेल दिखाया।

जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम की सदस्य और सिंगापुर इंटरनेशनल की उपविजेता उन्नति ने आकर्षी कश्यप को 21-13, 21-18 से पराजित किया। पुरुष एकल में पिछले साल के सेमीफाइनलिस्ट प्रियांशु राजावत ने हमवतन एम. मैसनाम को 21-18, 21-14 से हराया, जबकि चौथी वरीयता प्राप्त भारत के किरन जार्ज ने इजरायल के डैनियल डुबोवेंको को 21-17, 21-9, छठी वरीय थारुण मन्नपल्ली ने सतीश कुमार करुणाकरन को 21-7, 21-9 और शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह ने भारत के ऋत्विक संजीवी सतीश कुमार को 21-19, 21-17 से हराया।
विज्ञापन


प्रतियोगिता में भारत के सिद्धार्थ गुप्ता, आलाप मिश्रा भी अगले दौर में पहुंच गए। महिला एकल में भारत की तस्नीम मीर ने अदिति भट्ट को 21-15, 11-21, 21-17, रक्षिता संतोष रामराज ने श्रेया को 21-12, 21-14 से, तान्या हेमनाथ ने ताइपे की यी ईन को 21-13, 21-12 और अनुपमा उपाध्याय ने युगांडाई खिलाड़ी को 21-8, 21-9 से हराया। देविका सिहाग ने भी अपने मुकाबले में जीत दर्ज की।



नोजोमी ओकुहारा का जीत से आगाज

2016 ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता व 2023 की मोदी बैडमिंटन चैंपियन दूसरी वरीय जापान की नोजोमी ओकुहारा ने भारत की अदिता राव को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 22-20, 21-14 से हराते हुए अपने अभियान की शुरुआत की। प्रतियोगिता के मिश्रित युगल में पांचवीं वरीय भारत के सतीश कुमार करुणाकरन व आद्या वरियथ और भारत के सी लालरामसांगा व तारिनी सूरी भी जीते। मिश्रित युगल के पहले राउंड में आयुष अग्रवाल के साथ जोड़ी बनाकर उतरी यूपी की श्रुति मिश्रा को तीसरी वरीय मलयेशिया के वोंग तियेन सी व लिम चिउ सिएन ने 21-18, 21-14 से हराया। युगल के पहले राउंड में मिश्रित में रोहन कपूर व रूत्विका शिवानी गड्डे, हरिहरन व त्रिशा जाली, एफ.संजय अमन व रुतुपर्णा पांडा, मिथिलेश व वर्ना, नितिन एचवी व श्रीनिधि, असिथ सूर्या व ए.प्रथमेश, ध्रुव रावत व मनीषा ने जीत दर्ज की।



वापसी करना नहीं होता आसान : किदांबी श्रीकांत

देखिए, कोर्ट पर वापसी करना कभी आसान नहीं होता है। मोदी बैडमिंटन के पहले दौर में जीतकर खुश हूं लेकिन यह मेरे लिए आसान मुकाबला नहीं था। यहां जीत की आस में आया हूं लेकिन बहुत आगे की नहीं सोच रहा हूं। देश के लिए एशियन गेम्स में खेलना चाहता हूं। इसके लिए खुद को तैयार कर रहा हूं। मोदी बैडमिंटन में दमदार प्रदर्शन से मेरा आत्मविश्वास बढ़ेगा। अगले कुछ माह में लगातार अच्छा खेलना होगा ताकि भविष्य की राह तैयार हो पाएगी।



लखनऊ की मानसी अगले दौर में

प्रतियोगिता में महिला एकल के पहले ही दौर में लखनऊ की मानसी सिंह ने यूएई की प्रकृति भारथ को 21-15, 21-10 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। मुकाबले की शुरुआत से मानसी ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया और प्रतिद्वंद्वी को उबरने नहीं दिया। पहला गेम 21-15 से जीतने के बाद मानसी ने दूसरे गेम में कोर्ट को बेहतर ढंग से कवर करते हुए 21-10 की जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश किया।



इंजरी के बाद मेरा पहला टूर्नामेंट है। घुटने की चोट के चलते पांच माह से कोर्ट से दूर रहा था। तीन हफ्ते पहले खेलना शुरू किया है। यहां मुकाबलों में जीतने की पूरी कोशिश करूंगा। हालांकि अभी चोट से उबरा हूं। इसलिए शरीर पर ज्यादा जोर नहीं डालूंगा। -प्रियांशु रजावत

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जोरआजमाइश करते खिलाड़ी।

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जोरआजमाइश करते खिलाड़ी।

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जोरआजमाइश करते खिलाड़ी।

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जोरआजमाइश करते खिलाड़ी।

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जोरआजमाइश करते खिलाड़ी।

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जोरआजमाइश करते खिलाड़ी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें