विवि की महिला प्रवक्ता को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
लखनऊ। गुडंबा स्थित निजी विश्वविद्यालय में पढ़ाने वाली महिला प्रवक्ता ने अपने पति व उसके दोस्त के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि दोनों ने स्प्रे डालकर उन्हें बेहोश कर दिया। फिर अगवा कर कमरे में ले गए थे। पुलिस ने 30 जनवरी को केस दर्ज किया। दंपती के बीच मुकदमा चल रहा है।
महिला प्रवक्ता के अनुसार 13 दिसंबर 2020 को उनका विवाह रायबरेली निवासी युवक से हुआ था। पति व ससुराल वाले उन्हें प्रताड़ित करते थे। इस संबंध में उन्होंने रायबरेली अपर जिला सत्र कोर्ट में वाद भी दाखिल किया था। 20 जनवरी को शाम के वक्त वह स्कूटी से घर जा रही थीं। स्पोर्ट्स कॉलेज के पास दोनों ने उनको रोक लिया। पति ने केस वापस लेने का दबाव बनाया तो उन्होंने मना कर दिया। पति ने उनका मोबाइल फोन छीनकर बंद कर दिया और स्प्रे डालकर उन्हें बेहोश कर दिया। इसके बाद कमरे में ले जाकर गंदी हरकत की।
होश में आने पर आरोपियों ने मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पति ने उनकी आंख पर पट्टी बांधी और एक जगह छोड़ दिया। घर पहुंचकर उन्होंने मां को आपबीती बताई। पीड़िता ने 30 जनवरी को केस दर्ज कराया। इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
इंस्टाग्राम दोस्त ने निकाह का झांसा देकर किया यौन शोषण
- मुंबई के युवक पर केस दर्ज
लखनऊ। निकाह का झांसा देकर सुल्तानपुर की रहने वाली युवती से यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता ने 30 जनवरी को मुंबई कुर्ला ईस्ट के रहने वाले आसिफ खान के खिलाफ हुसैनगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
युवती मौजूदा समय में डालीगंज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर आसिफ से दोस्ती हुई थी। चार अगस्त को आरोपी मुंबई से लखनऊ निकाह की बातचीत करने पहुंचा और बहाने से युवती को चारबाग के होटल ले जाकर गलत काम किया। वीडियो व फोटो बना ली। इसके बाद आरोपी ने न तो निकाह की बात की और न ही युवती के परिजनों से मुलाकात की। तीन जनवरी को युवती ने कॉल कर निकाह करने की बात कही तो आरोपी मुकर गया। शिकायत करने पर वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी दी। इंस्पेक्टर रामकुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। (संवाद)