आईटीएफ टेनिस चैंपियनशिप खेलने आए जुड़वा भाई चंद्रिल और लक्षित
- फोटो : अमर उजाला
आईटीएफ मेंस फ्यूचर टेनिस में सोमवार को सबसे बड़ा आकर्षण जुड़वा चंद्रिल भाइयों के बीच खेला गया मुकाबला रहा। चूंकि दोनों में से किसी एक को जीत के साथ मुख्य ड्रॉ में पहुंचना था। रोचक मुकाबले में लक्षित ने अपने से एक मिनट छोटे चंद्रिल को 6-3, 6-3 से हराते हुए मुख्य ड्रॉ का टिकट कटा लिया। अपनी जीत से खुश दिखे 30 वर्षीय लक्षित बताते हैं कि पिछले काफी समय से मुझे चंद्रिल हरा रहा था। ऐसे में आज का मुकाबला मेरे लिए राहत वाला रहा। हालांकि भाई होने के कारण मुझे चंद्रिल की हार का अफसोस भी है। काश, हम एक साथ मुख्य ड्रॉ में भारत के लिए खेल पाते।
उधर, चंद्रिल का कहना है कि आज मैच के दौरान मैंने कई गलतियां की, जिसका खामियाजा हार के रूप में चुकाना पड़ा। जहां तक मुख्य ड्रॉ का सवाल है तो मुझे पूरा विश्वास है कि लक्षित बेहतर खेल का प्रदर्शन करके यहां काफी आगे तक का सफर तय करेगा। मेरी ओर से भाई को ढेर सारी शुभकामनाएं। बताते चले कि गाजियाबाद की विनर्स टेनिस अकादमी में ट्रेनिंग हासिल करने वाले लक्षित और चंद्रिल दिल्ली के इन्कम टैक्स डिपार्टमेंट में स्पोर्ट्स कोटे से पाई जॉब में कार्यरत है। पांच साल की उम्र से दोनों से साथ में शौकिया तौर पर टेनिस खेलनी शुरू की और 25 साल के बाद भी उनकी रग-रग में टेनिस बसा हुआ है। दोनों का एक सुर में कहना है कि अभी कम से कम चार-पांच साल टेनिस से बतौर खिलाड़ी जुड़े रहेंगे। फिलहाल उनका फोकस आपस में टीम बनाकर युगल वर्ग में अच्छा प्रदर्शन करना है।