सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस सरकार के पास देश की जनता के लिए कोई विजन नहीं है। बजट किसान, नौजवान, गरीब विरोधी है। केंद्र सरकार बजट के आंकड़े के साथ महाकुंभ में जान गवांने वाले श्रद्धालुओं के आंकड़े भी दे। सरकार के सब आंकड़े झूठे हैं। बजट में महंगाई और बेरोजगारी कम करने की कोई योजना नहीं है।
अखिलेश ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और फसलों की एमएसपी का कानूनी अधिकार देने की कोई बात नहीं कही है। किसानों की कर्जमाफी का कोई जिक्र नहीं है। खाने-पीने की चीजों में बढ़ती महंगाई को कम करने को लेकर कुछ नहीं कहा गया। इस बजट से किसानों, नौजवानों, गरीबों और व्यापारियों, सभी को निराशा हुई है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार गलत आंकड़ों के जरिये आम जनता को भरमाने का काम कर रही है। दोषपूर्ण जीएसटी को लेकर बजट में सरकार मौन है। इस सरकार की दोषपूर्ण जीएसटी व्यवस्था से व्यापार और व्यापारी बर्बाद हो गया है। सरकार मध्यम वर्ग को भी सब्जबाग दिखा रही है। दूसरे रास्ते से जनता की जेब काट रही है।
क्या यही विकसित भारत- कुंभ में आएं, भगदड़ में जान गवाएं
उन्होंने कहा कि दुनिया भर में अर्थव्यवस्था को लेकर ढिंढोरा पीटने वाली सरकार सुरक्षित ढंग से एक कुंभ स्नान नहीं करा पा रही है। क्या यही भाजपा के विकसित भारत की परिभाषा है कि लोग स्नान करने जाएं और भगदड़ में मारे जाएं। सड़कों पर कई दिन जाम में फंसे रहें और भूख-प्यास से तड़प जाएं। बजट में आकड़ों से ज्यादा जरूरी महाकुंभ भगदड़ में मरने वाले, घायलों और खोये लोगों का आंकड़ा है। सरकार इन आंकड़ों को क्यों रही छिपा रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय।
- फोटो : amar ujala
भाजपा सरकार का बजट कभी भी आम आदमी के पक्ष में नहीं रहा है। हमेशा की तरह इस बार का बजट भी कारोबारियों के लिए है। आम जनता का इससे कोई भी भला नहीं होने वाला है। -- अजय राय, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस।
वर्ष 2025- 26 का बजट पूरी तरह निराशाजनक है। यह जनता के साथ धोखा है। अमीरों के लिए सरकारी खजाना खोला गया है और गरीबों को बातों के चक्रव्यूह में फंसाया गया है। - प्रमोद तिवारी, राज्य सभा सदस्य ।
किसान, बेरोजगार नौजवान, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग तथा सरकारी कर्मचारियों को निराश और हताश करने वाला यह बजट है। जीएसटी, जो आम आदमी को एक नहीं कई बार चुकानी पड़ रही है, उससे बचाने का बजट में कोई रास्ता/ प्राविधान नहीं है ।- आराधना मिश्रा मोना, विधायक दल की नेता ।