लखनऊ। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक संस्थान में इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) के सहयोग से इनक्यूबेशन सेंटर की स्थापना की जाएगी। इस संबंध में तकनीक व अन्य अहम पहलुओं की जानकारी लेने के लिए पॉलीटेक्निक का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को आईईटी पहुंचा।
पॉलीटेक्निक की प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. शिल्पी गुप्ता ने बताया कि परिसर में इनक्यूबेशन सेंटर खोलने की अनुमति मिल गई है। सेंटर के तकनीकी पहलुओं को समझने के लिए हमारी टीम आईईटी पहुंची। डिप्टी इंचार्ज डॉ. पुष्कर त्रिपाठी ने इनक्यूबेशन सेंटर, नवयुग नवाचार फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे कामों जैसे स्टार्टअप को सहयोग करना, छात्रों को नवाचार के लिए किए जा रहे प्रयास आदि के बारे में विस्तार से बताया। संस्थान के निदेशक प्रो. विनीत कंसल ने कहा कि आईईटी इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने में पूरा सहयोग देगा। इनक्यूबेशन सेंटर में यह होगा खास
राजकीय महिला पॉलीटेक्निक संस्थान में बनने वाले इनक्यूबेशन सेंटर में छात्राओं को सलाह और मार्गदर्शन देने के लिए विशेष टीमें होंगी। छात्राओं को सलाहकारों और उद्योग के पेशेवरों से मार्गदर्शन मिलेगा। केंद्र में आधुनिक प्रयोगशालाएं और इंटरनेट जैसी सुविधाएं होंगी। स्टार्टअप के लिए छात्राओं को निवेशकों व उद्यमियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। यहां विशेष तरह के प्रशिक्षण केंद्र भी होंगे। व्यवसाय योजना, विपणन और वित्त जैसे विषयों पर कार्यशालाएं होंगी। छात्राओं को समय- समय पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।