बछरावां (रायबरेली)। एक तेज रफ्तार ट्रक ने शनिवार रात कार में टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार अधिवक्ता समेत दो लोगाें की मौत हो गई। दोनों किसी काम से कानपुर जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
सुल्तानपुर जिले के अहियापुर निवासी एवं अधिवक्ता अतुल त्रिवेदी (34) पुत्र बीपी त्रिवेदी अपने साथी भार्गव मिश्रा (35) पुत्र चंद्र प्रसाद मिश्रा निवासी जवाहर विहार काॅलोनी रायबरेली के साथ कार से कानपुर जा रहे थे। बछरावां-मौरावां राजमार्ग पर कुशलीखेड़ा मजरे इचौली गांव के पास रात करीब दो बजे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में भार्गव मिश्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
एंबुलेंस में घायल अतुल को सीएचसी पहुंचाया, जहां डाक्टर गणनायक पांडेय ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार के परखचे उड़ गए। कोतवाल विजेंद्र शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।