डलमऊ (रायबरेली)। 49.80 लाख की लागत से बनी 500 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क को 30 मीटर तक उखाड़ दिया गया है। इस कारण माकनपुर से डलमऊ का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। मामले को लेकर ईओ नगर पंचायत ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
नगर पंचायत डलमऊ ने वर्ष 2020-21 में नगर विकास मंत्रालय नीति से लगभग 49 लाख 80 हजार की लागत से माकनपुर रोड से डलमऊ कस्बे को जोड़ने के लिए लगभग 500 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क बनवाई थी। बीती बृहस्पतिवार की देर रात अज्ञात लोगों ने 30 मीटर की इंटरलॉकिंग को उखाड़ दिया। जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है। मामले की जानकारी मिलने पर अधिशासी अधिकारी आरती श्रीवास्तव ने अज्ञात के विरुद्ध सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रामीणों ने नगर पंचायत प्रशासन पर लगाया आरोप
इंटरलॉकिंग सड़क के उखड़ने पर ईओ ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, लेकिन डलमऊ ग्राम सभा के विक्रम, विनोद कुमार, महेश, राम सुमेर ने प्रमुख सचिव नगर विकास को शिकायती पत्र भेज कर आरोप लगाया कि नगर पंचायत प्रशासन ने मुख्य आरोपियों को बचाते हुए अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। बताते हैं कि नगर पंचायत ने नियमों को दरकिनार कर ग्राम सभा की संक्रमण भूमि पर भूमि मालिक के अनापत्ति प्रमाण पत्र के बिना इंटरलॉकिंग सड़क बनवाई थी।