खीरों थाना क्षेत्र के लालगंज-बछरावां मुख्य मार्ग पर रौला चौराहा के पास पलटा डंपर व मौजूद लोग। -
दो हिस्सों में बंट गया डंपर, इंजन निकलकर काफी दूर तक दौड़ा, चालक ने रोका
संवाद न्यूज एजेंसी
खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार को लालगंज-बछरावां मुख्य मार्ग पर रौला चौराहा के पास बेकाबू डंफर दो हिस्सों में बंट गया। पीछे वाला हिस्सा साइकिल की दुकान पर पलट गया, जबकि इंजन आगे निकल गया। इससे साइकिल दुकानदार की मौत हो गई। वहीं चालक ने किसी तरह इंजन को रोका। ग्रामीणों ने घेराबंदी करके डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जिले के बड़ी पनई गांव निवासी श्रीराम की कोई संतान नहीं थी। इसके चलते वह अपनी पत्नी सुंदर देवी के साथ ससुराल रौला में रहता था। अपने गुजर बसर के लिए रौला चौराहा के पास गुमटी रखकर साइकिल मरम्मत का कार्य करता था। शनिवार की दोपहर वह अपनी गुमटी में बैठा था। बांदा से गिट्टी लादकर डंपर लखनऊ जा रहा था। एक वाहन को पास देते समय डंपर अनियंत्रित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर दो हिस्सों में बंट गया। पीछे वाला हिस्सा गिट्टी समेत साइकिल की दुकान में पलट गया। इससे श्रीराम उसी के नीचे दब गया। पति की मौत से पत्नी सुंदारा देवी, साले राजकुमार में रोनापीटना मच गया। थानेदार देवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।