मलिहाबाद। रहीमाबाद के पास हिंदुस्तान धर्मकांटे के सामने सोमवार रात तेज रफ्तार बेकाबू बाइक अनियंत्रित होकर हरदोई राज्यमार्ग पर बने डिवाइडर की पुलिया से टकरा गई। बाइक चला रहे माल के प्रभात कुमार यादव (24) की मौके पर मौत हो गई। साथी अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के वक्त बाइक की रफ्तार तेज थी। बाइक चला रहे प्रभात ने हेलमेट नहीं लगाया था। सिर पर चोट लगने से उनकी मौत हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभात हेलमेट लगाए होते तो उनकी जान बच सकती थी।
पुलिस ने बताया कि प्रभात यादव दुबग्गा में रहकर बजाज फाइनेंस में नौकरी करते थे। वह साथी कोनेश्वर निवासी अरुण कुमार के साथ थानाक्षेत्र के जालामऊ गांव में रिश्तेदारी में आए थे। सोमवार रात दस बजे दोनों बाइक से लखनऊ लौट रहे थे। रहीमाबाद के निकट हादसा हो गया। इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक के मुताबिक अरुण के भी सिर में चोट आई है। ट्रॉमा सेंटर में उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मार्च में होनी थी शादी की तैयारी
चाचा ने बताया कि प्रभात की मार्च में शादी होनी थी। बरात बाराबंकी जाने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। प्रभात के परिवार में पिता राजकुमार यादव, माता मंजू यादव, बड़ा भाई आयुष यादव, बड़ी बहन शालिनी यादव और छोटी बहन श्वेता हैं। राजकुमार यादव होमगार्ड हैं और मौजूदा समय में डीएम कार्यालय में तैनात हैं।