लालगंज (रायबरेली)। नवीन कृषि मंडी परिसर के सामने रविवार शाम तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार उत्तरा गौरी के पूर्व प्रधान को रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया।
पूरे गरीब मजरे उत्तरागौरी गांव निवासी अहरवादीन चौधरी (62) पुत्र जगन्नाथ बाइक से मंडी समिति में किसी से मिलने जा रहे थे। मंडी समिति के गेट नंबर एक के सामने कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। वहां मौजूद राहगीरों ने फौरन उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर के बाद परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। पत्नी ज्ञानवती व बेटियां ललिता व अंकिता के आंसू नहीं थम रहे हैं। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।