तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत
लखनऊ। सरोजनीनगर में बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बंथरा के खाड़ेदेव गांव निवासी राजित राम उर्फ बाबू (40) और उनके चाचा लल्लन (50) की मौत हो गई। हादसे के वक्त बाइक चला रहे बाबू ने हेलमेट पहन रखा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत का कारण सिर में चोट लगना आया है।
बाबू के बेटे शिवम ने बताया कि पिता अपने चाचा लल्लन के साथ नाका के राजेंद्रनगर निवासी फुफेरे भाई गोलू के तिलक समारोह में शामिल होने मंगलवार शाम गए थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे दोनों बाइक से घर के लिए निकले थे। बाइक बाबू चल रहे थे। सरोजनीनगर के बाग नंबर-3 में तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई। ट्रक के अगले हिस्से में बाइक फंस गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई। यह देखकर लोगों ने शोर मचाया, पर चालक ने रफ्तार कम नहीं की। बाइक को घसीटते हुए कुछ दूर तक ले गया और ट्रक छोड़कर भाग निकला। बाबू व लल्लन मजदूरी करते थे।
घर में मचा कोहराम
हादसे में चाचा-भतीजे की मौत की खबर जब घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिजनों का कहना था कि दोनों हंसी-खुशी समारोह में गए थे। यकीन नहीं हो रहा है कि दोनों की मौत हो गई। बाबू के परिवार में पत्नी उमा, चार बच्चे शिवम, लवकुश कोमल और सपना हैं। सपना की शादी हो चुकी है। लल्लन के परिवार में बेटा अंकित व करन हैं। लल्लन का पत्नी से काफी समय पहले अलगाव हो चुका था।