दुबग्गा। क्षेत्र के कटौली गांव में खेल मैदान के पास मंगलवार दोपहर सड़क किनारे मिला शव श्रमिक मस्तराम (26) का था। हाथ पर गुदे ''''एमए'''' शब्द से परिजनों ने शव की पहचान की। पिता ने हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पड़ोसी गांव के युवक और उसके कुछ साथियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत राय ने बताया कि मस्तराम के पिता गुरुचरण और उनकी पत्नी अनन्या शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। गुरुचरण ने बताया कि बेटा पांच जुलाई को घर से निकला था। उन्होंने सात की शाम उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पिता के अनुसार मस्तराम को आखिरी बार पड़ोस के गांव के युवक और उसके साथियों के साथ देखा गया था। उन्होंने इन्हीं पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।
गुरुचरण ने बताया कि मस्तराम की गर्दन, आंख और अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे और जीभ निकली हुई थी, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजह का पता चल सकेगा। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
एक माह पहले छोटे भाई का मिला था शव
करीब एक महीना पहले मस्तराम के छोटे भाई लक्ष्मण का शव दुबग्गा में वेल्डिंग परिसर की खंडहर में मिला था। उस सदमे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि अब बड़े बेटे की मौत ने झकझोर दिया है।