शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे कड़ी सुरक्षा में हाईवे किनारे पंचवटी में ठहरे हुए हैं। रविवार सुबह 9 बजे उद्धव ठाकरे रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद लक्ष्मणकिला में पत्रकारों से बातचीत व कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद विशेष विमान से मुंबई रवाना हो जाएंगे। उद्धव ठाकरे के धर्मसभा में शामिल होने की संभावना नहीं है। प्रवक्ता संजय राउत का कहना है कि धर्मसभा में राजनीतिक व्यक्ति को जाने की बात नहीं है।
पंचवटी में उद्धव ठाकरे की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एक एएसपी समेत दो डिप्टी एसपी के साथ फोर्स लगाई गई है। उद्धव ठाकरे के साथ के शिवसेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सांसद संजय राउत, महाराष्ट्र के लोकनिर्माण मंत्री एकनाथ शिंदे, विधायक अनिल प्रभु समेत दर्जन भर विधायक, सांसद व मंत्री ठहरे हुए हैं। एसपीसिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि उद्धव ठाकरे की सुरक्षा बेहद सख्त है।
अंबानी समूह के विशेष विमान से आया है ठाकरे परिवार
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे अंबानी समूह के विशेष विमान से तय समय से आधा घंटा पहले शनिवार करीब डेढ़ बजे अयोध्या हवाई पट्टी पर उतरे। इसके बाद पंचवटी में भोजन व हल्का विश्राम किया। उनके सभास्थल तक पहुंचने में साढ़े तीन बज गए। मंच पर विराजमान संतों में अध्यक्षता करने श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ठाकरे के आने के आधे घंटे बाद पहुंचे।