लखनऊ। विभूतिखंड में सोमवार सुबह सड़क पार कर रहे दो युवक तेज रफ्तार की चपेट में आकर घायल हो गए। इसमें एक युवक की हालत गंभीर है। उसे होश नहीं आया है। हादसे के बाद थोड़ी दूरी पर कार छोड़कर चालक भाग निकला।
विरामखंड निवासी प्रतीक शर्मा के मुताबिक सोमवार सुबह 10:35 बजे वह सहकर्मी अभिनव शुक्ला के साथ बीएसएनएल ऑफिस, विशेषखंड के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान नीले रंग की तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अभिनव शुक्ला उछलकर कार के शीशे से टकरा गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वह दुर्घटना के बाद से बेहोश हैं। वहीं, उनके पैर में भी गंभीर चोट लगी है और उनकी एक हड्डी टूट गई है।
उन्होंने विभूतिखंड थाने में शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को हादसे का फुटेज भी दिया है। इंस्पेक्टर अमर सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।