Two workers of lamarts boys covid positive
लखनऊ। लामार्ट ब्वॉयज स्कूल के दो कर्मचारियों और कैंपस के बाहर निर्माण कार्य में लगे चार अन्य लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। इनके संक्रमित आने के बाद बुधवार को प्रिंसिपल, अध्यापकों, छात्रों समेत 332 लोगों की आरटीपीसीआर जांच करवाकर सैंपल केजीएमयू भेजे गए। सीएमओ के प्रवक्ता योगेश रघुवंशी के मुताबिक दो दिनों में स्कूल से 442 सैंपल लिए जा चुके हैं।
स्कूल प्रशासन ने बताया कि जिन छह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें से चार आशियाना कॉलोनी के रहने वाले हैं। ये कैंपस के बाहर निर्माण कार्य करने वाले दिहाड़ी मजदूर हैं। वहीं, एसीएमओ डॉ. एमके सिंह ने बताया कि लामार्ट स्कूल आने-जाने वालों से भी जांच कराने की अपील की गई है।
जांच में 110 निकले निगेटिव
लामार्ट स्कूल में मंगलवार को 110 लोगों की कराई कोरोना जांच में सभी निगेटिव निकले। डॉ. सिंह ने बताया कि दस दिन तक सर्विलांस टीम रोजाना स्कूल परिसर एवं आसपास मुस्तैद रहेगी। इस दौरान किसी में लक्षण मिलने पर जांच कराई जाएगी। बताया कि प्रधानाचार्य की ओर से आश्वस्त किया गया है कि स्कूल परिसर में सफाई, सोशल डिस्टेेंसिंग एवं मास्क के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
छात्रावास में रह रहे 13 बच्चे
लामार्ट ब्वॉयज स्कूल के 30 स्टाफ और 50 सपोर्ट स्टाफ का परिवार विद्यालय परिसर में ही रहता है। वहीं, स्टाफ के 400 लोग बाहर रहते हैं। स्कूल कैंपस स्थित छात्रावास में 13 बच्चे रह रहे हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि शिक्षकाें एवं अन्य स्टाफ की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। गौरतलब है कि स्कूल कैंपस में जनवरी में हुई जांच में संक्रमण मिला था। इस पर प्रधानाचार्य सीए एमसी फरलैंड ने कहा कि छह लोग पॉजिटिव निकले हैं। इनमें से चार दिहाड़ी मजदूर हैं, जो कॉलेज के बाहर चल रहे निर्माण कार्य में लगे हैं। बुधवार को कॉलेज के 300 से ज्यादा स्टाफ व कर्मचारियों की टेस्टिंग कराई गई, जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है।