लखनऊ। वर्षों से लंबित मामले में गवाह न पेश करने और कोर्ट की कार्यवाही लंबित करने पर नाराज कोर्ट ने थाना प्रभारी कृष्णानगर पर दो हजार रुपये हर्जाना लगाया है। एडीजे ने थाना प्रभारी को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। अगली सुनवाई के लिए 17 जून की तारीख तय करते हुए आदेश की कॉपी पुलिस कमिश्नर और डीएम को भेजने के लिए कहा है।
कोर्ट ने कहा कि थाना प्रभारी तय तारीख को हर्जाना जमा करते हुए गवाह पेश करें। डीएम और कमिश्नर से विधि पूर्ण कार्यवाही के लिए कहा है। कोर्ट ने आदेश में कहा कि कृष्णानगर थाने में सागर गुप्ता उर्फ रजत गुप्ता व अन्य के खिलाफ दर्ज मामले की सुनवाई चल रही है। अभियोजन ने वर्ष 2022 से मात्र दो गवाह पेश किए हैं। पिछली तारीख पर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि हर दशा में गवाह को कोर्ट में पेश किया जाए, लेकिन खेदजनक है कि थाना प्रभारी कृष्णानगर कोर्ट ने ऐसा नहीं किया। गवाह के खिलाफ जारी आदेशिका को भी पेश नहीं किया।थाना प्रभारी का कृत्य न केवल घोर आपत्तिजनक है, बल्कि यह दर्शा रहा है कि वह मुकदमे के निस्तारण में जानबूझकर रुचि नहीं ले रहे हैं और कोर्ट की कार्यवाही को लंबित कर रहे हैं।