मोहनलालगंज। डॉन बॉस्को आश्रालय बाल गृह का गेट फांदकर मंगलवार देर रात दो किशोर भाग निकले। बुधवार सुबह जानकारी होने पर आश्रालय के निदेशक बिमल केरकेट्टा ने मोहनलालगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
एफआईआर के जरिये निदेशक बिमल ने बताया कि 14 और 13 वर्षीय अनाथ किशोर आश्रालय में रह रहे थे। मंगलवार देर रात करीब तीन बजे दोनों किशोरों ने बाहर से स्टाफ रूम, डॉर्मिटरी और बच्चों के कमरों के दरवाजे बंद कर दिए। परिसर में लगे छोटे गेट का ताला तोड़ दिया और मेन गेट फांदकर भाग गए। बिमल ने बताया कि सुबह दरवाजे बाहर से बंद मिलने और किशोरों के न मिलने पर उन्हें इसकी जानकारी हुई। काफी खोजबीन करने के बाद भी किशोर नहीं दिखे तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। निदेशक का कहना है कि दोनों ने पहले ही बाल गृह से निकलने की योजना बनाई थी। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज रामबाबू सिंह के मुताबिक पुलिस की एक टीम बाल गृह व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। इसके साथ पुलिस की दो अन्य टीमें किशोरों की तलाश में लगी हैं।