प्रयागराज में रहकर पढ़ाई कर रहे जयसिंहपुर क्षेत्र के दो छात्र शुक्रवार की शाम संगम में नहाते समय नदी में डूब गए। 23 घंटे बाद एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है। अधिकारियों की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम दूसरे छात्र की तलाश में जुटी है।
छात्रों के नदी में डूबने की खबर से उनके परिवार में कोहराम मच गया है। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के विरैता पाल्हीपुर निवासी संदीप गुप्ता (19) पुत्र छोटेलाल व चोरमा निवासी अमन वर्मा (19) पुत्र पवन वर्मा प्रयागराज में रहकर बीए की पढ़ाई के साथ ही कोचिंग करते थे।
ये भी पढ़ें - सीएम योगी बोले, यूपी में ईद की नमाज सड़क पर नहीं मस्जिद में हो रही है, कानून सबके लिए समान
ये भी पढ़ें - अयोध्या हादसे की कहानी चश्मदीदों की जुबानी: बस में फंसे थे यात्री, हर तरफ थी चीख-पुकार... पर हम कुछ न कर सके
शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे दोनों दोस्तों के साथ संगम गए हुए थे। बताया जा रहा है कि संदीप गुप्ता दोस्तों के साथ नदी में नहाने उतरा था। इसी बीच वह पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। संदीप को डूबता देख अमन उसे बचाने गया लेकिन गहराई अधिक होने के चलते संदीप और अमन दोनों डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने छात्रों को बचाने का प्रयास किया लेकिन उन्हें सफलता नही मिली। दोस्तों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और परिजनों को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को नदी में डूबे छात्रों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को नदी में उतारा। शाम करीब सवा चार बजे अमन का शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर बरामद कर लिया गया है। संदीप की तलाश अब भी जारी है। घटना के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
पढ़ाई के साथ प्रयागराज में कोचिंग करते थे अमन और संदीप
अमन दीनबंधु महाविद्यालय प्रयागराज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। दो भाई और एक बहन में अमन छोटा था। पिता पवन वर्मा खेती का काम करते हैं। संदीप तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। पिता छोटेलाल विरैता चौराहे पर आयल मिल की दुकान चलाते हैं।