कृष्णानगर में हुई मुठभेड़ में टिंकू कपाला गिरोह के तीन बदमाश दबोचे, फायरिंग में दो सिपाही जख्मी
राजधानी पुलिस ने कृष्णानगर इलाके में मुठभेड़ के दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों को पकड़ लिया।
एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि गंगा खेड़ा रेलवे अंडर पास के पास रविवार तड़के 3.30 बजे से चार बजे के बीच मुठभेड़ हुई।
इसमें टिंकू कपाला गिरोह के तीन बदमाश पुलिस की फायरिंग से घायल हुए। जबकि बदमाशों के हमले में दो सिपाहियों को भी गोली लगी।
बदमाशों ने कृष्णानगर, नाका व गोमतीनगर इलाके में व्यापारियों को गोली मारकर लूट की थी। घायल बदमाश ट्रॉमा सेंटर में जबकि जबकि घायल पुलिसकर्मियों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
एडीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए आठ टीमें बनाई गई हैं। रविवार को एएसपी क्राइम दिनेश पुरी, सीओ कृष्णानगर अमित राय, सीओ क्राइम व गाजीपुर दीपक सिंह, आलमबाग लालप्रताप सिंह की टीम को गंगा खेड़ा इलाके में तीन बदमाशों के होने की सूचना मिली।
इस पर घेराबंदी की गई। रविवार तड़के रेलवे अंडरपास के पास बाइक पर तीन संदिग्ध दिखे। रोकने पर बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए झाड़ियों की तरफ भागने लगे तो उनकी बाइक फिसल गई।
इसके बाद बदमाश ने पुलिस पर फिर फायरिंग की। इसमें कृष्णानगर के सिपाही सुनील कुमार राय और आलमबाग के सिपाही अखिलेश कुमार घायल हो गए।
पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो तीनों बदमाशों को गोलियां लगी। घायल बदमाशों में सआदतगंज के चौपटिया का अजय गुप्ता उर्फ टिंकू नेपाली, आलमबाग के गढ़ी कनौरा आरतीनगर का लईक और पीजीआई थानाक्षेत्र के वृंदावन का मोहक शास्त्री है।
मुठभेड़ की सूचना पर पहुंचे अधिकारी
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एडीजी राजीव कृष्ण, आईजी एसके भगत और एसएसपी कलानिधि नैथानी मौके पर पहुंचे। इसके बाद लोकबंधु अस्पताल पहुंचकर घायल सिपाहियों का हालचाल लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां बदमाशों से पूछताछ की।
पिस्तौल, बाइक व नकदी बरामद
आईजी रेंज एसके भगत के मुताबिक, टिंकू नेपाली के पास से पिस्तौल, आठ हजार रुपये, लईक व मोहक शास्त्री के पास से दो तमंचे और छह-छह हजार रुपये बरामद हुए। इसके अलावा कब्जे में बदमाशों की चोरी बी बाइक भी आई है।
बदमाशों ने कुबूलीं वारदातें
12 जनवरी : रात 8.45 बजे नाका के रानीगंज स्थित मनोहर प्रोविजन स्टोर पर दुकान बंद करते समय ललित के पैर में गोली मारकर गल्ला लूटा। 2 मार्च : रात 9.30 बजे कृष्णानगर में सराफा मार्केट में आरके ज्वैलर्स पर दो बाइक से पांच बदमाशों ने धावा बोला। शटर बंद कर रहे गुड्डू पटवा व आईसीआईसीआई बैंक एटीएम के गार्ड देशराज की गोली मारकर हत्या, ज्वैलरी व नकदी लूटी। इसके बाद अंदर घुसकर सराफ को गोली मारी। 23 मई : रात 10 बजे गोमतीनगर विस्तार के खरगापुर में गौतम मार्केट में दुकान बंद करते समय सोनू यादव को गोली से उड़ाया।