रायबरेली। जिले में चल रहे 100 दिन के विशेष अभियान के तहत जिला जेल में भी क्षय रोगियों का पता लगाने के लिए जांच का काम शुरू हो गया है। अब तक की जांच में जेल में बंद दो बंदी क्षय रोग से संक्रमित मिले हैं। जांच में क्षय रोग की पुष्टि होने के बाद बंदियों के इलाज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला जेल में 900 बंदियों व कैदियों को क्षय रोग से मुक्त रखने के लिए जांच की व्यवस्था की गई है। अब तक 150 से अधिक बंदियों व कैदियों के बलगम की जांच की गई है। कैदियों का एक्सरे भी जेल के अस्पताल में ही शुरू कराया गया है। इसमें दो बंदी टीबी से संक्रमित मिले हैं। अब तक जिले में करीब डेढ़ माह के अभियान में 922 नए क्षय रोगी मिले हैं।
13 हजार से अधिक लोगों का एक्सरे करने के साथ ही बलगम की जांच की गई। सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि जांच में जो भी क्षय रोगी मिल रहे हैं। उनका तुरंत इलाज शुरू कराया जा रहा है। जिला जेल में भी जांच में दो बंदी संक्रमित मिले हैं। इलाज शुरू कराया जा रहा है।