लखनऊ। जवाहर भवन उपकेंद्र के राणा प्रताप मार्ग पर शनिवार सुबह करीब आठ बजे नीम का पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया। इससे लोहे के दो खंभे और एलटी लाइन का तार टूट गया, जिसमें दो राहगीर भी चोटिल हो गए। इस घटना से उपभोक्ताओं को पांच घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा।
पेड़ के बिजली लाइन पर गिरने से करंट ट्रांसफार्मर भी गिर गया और 150 मीटर एबीसी और उपभोक्ताओं के सर्विस केबल भी क्षतिग्रस्त हो गए। अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सक्सेना ने बताया कि पेड़ गिरते ही 11 हजार करंट का फीडर खुद ही बंद हो गया, जिससे कोई हादसा नहीं हुआ। जिस जगह पर पेड़ गिरा, उसके आसपास के 50 उपभोक्ताओं की बिजली दोपहर एक बजे चालू हो सकी। उन्होंने बताया कि खंभे और तार को पेड़ हटाने के बाद सही किया गया। इसमें करीब चार घंटे का समय लगा। इसी उपकेंद्र के तहत नरही, डालीबाग और अशोक मार्ग सहित आसपास के इलाकों में बीते शुक्रवार को भी कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति में व्यवधान आया था।
राणा प्रताप मार्ग पर गिरा पेड़।