लखनऊ। ग्रीन गैस कनेक्शन अपडेट कराने के नाम पर साइबर जालसाजों ने दो लोगों से 11.38 लाख रुपये ठग लिए। दोनों मामलों में जालसाजों ने खुद को ग्रीन गैस कंपनी का कर्मचारी बताकर पीड़ितों के मोबाइल का एक्सेस हासिल किया। 30 अक्तूबर को साइबर क्राइम थाने में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं।
आलमबाग के हिंदनगर निवासी प्रीति मोतियानी के मुताबिक, 27 अक्तूबर को अनजान नंबर से कॉल आई। फोनकर्ता ने उनसे एक एप्लीकेशन डाउनलोड कराई। इसके बाद उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से कई बार में 6.04 लाख रुपये निकाल लिए। 29 अक्तूबर को बैंक का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला।
वहीं, गोमतीनगर के वास्तुखंड निवासी 62 वर्षीय कौशलेंद्र सिंह को 28 अक्तूबर को कॉल कर कनेक्शन कटने का डर दिखाया गया। जालसाज ने एपीके फाइल का लिंक भेजकर 13 रुपये का भुगतान कराया। इसके बाद उनके खाते से 5.34 लाख रुपये निकाल लिए।
एडीसीपी क्राइम किरण यादव ने बताया कि दोनों मामलों में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। बुजुर्ग के खाते से रकम जिस खाते में ट्रांसफर की गई है, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, प्रीति के मामले में आईएमपीएस से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली है।