गोसाईंगंज के शिवलर गांव निवासी रंजीत कुमार (30) का खुर्दही में होटल है। भाई कुलदीप ने बताया कि रंजीत होटल बंद करने के बाद मंगलवार देर रात दो बजे बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में सुशांत गोल्फ सिटी स्थित जलसा रिजॉर्ट के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई। रंजीत के पास मिले मोबाइल फोन के जरिये पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। रंजीत के परिवार में पत्नी सिया रानी और दो बेटियां अंशिका व कोमल हैं।
बिजनौर के नटकुर निवासी मजदूर बलदेव (22) बुधवार दोपहर करीब 11:30 बजे काकोरी के मौंदा स्थित अपने ननिहाल से किसान पथ होते हुए बाइक से घर जा रहे थे। दरोगा खेड़ा के पास किसान पथ पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बलदेव की बाइक अनियंत्रित होकर आगे खड़ी डीसीएम से टकरा गई। हादसे में बदलेव की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। बलदेव के पिता नंदन रावत का साल भर पहले देहांत हो गया था। चार साल पहले बलदेव की मोहनलालगंज के अयोध्या खेड़ा निवासी शालिनी से शादी हुई थी। उनकी एक वर्ष की बेटी कनक है। शालिनी बेटी के साथ मायके में रहती हैं। बलदेव के परिवार में मां के अलावा भाई शुभम और बहन काजल हैं। थाना प्रभारी कपिल गौतम के मुताबिक बलदेव ने हेलमेट नहीं लगाया था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।