लखनऊ। नए साल की पार्टी में युवक पर चाकू से हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने बाराबिरवा मीट मंडी के पास से रविवार को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि पार्टी में चाकूबाजी से घायल युवक अभिषेक के चाचा माती बिजनौर निवासी सतीश सिंह की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की धड़पकड़ के लिए टीम गठित की गई थी। करीब सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में आलमबाग का रहने वाला इंद्रेश शर्मा उर्फ दीपक है। वह मूलरूप से रायबरेली जिले के निहस्था का निवासी है। दूसरा तुषार वर्मा बर्रा कानपुर नगर का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि हमले का मुख्य आरोपी तुषार वर्मा है, जिसने कबूल किया कि होटल में नए साल की पार्टी में अपने मित्र इंद्रेश शर्मा को बुलाकर, योजनाबद्ध तरीके से अभिषेक पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया था।