श्रावस्ती। नेपाल से तस्करी कर दो तस्कर हिमाचल प्रदेश अफीम ले जा रहे थे। जिन्हें सीमा क्षेत्र के मदारगढ़ गांव के निकट मुखबिर की सूचना पर एसएसबी, पुलिस व स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से टीम ने 10 किलो 250 ग्राम अफीम बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई कर जेल भेजा गया है।
सिरसिया थाने में तैनात प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दो नेपाली युवक नेपाल से अफीम लेकर हिमांचल प्रदेश जा रहे हैं। ये तस्कर राजपुर चौकी क्षेत्र के मदारगढ़ गांव से होकर निकलेंगे। इस पर सिरसिया पुलिस ने एसएसबी व स्वाट टीम के साथ मदारगढ़ के होलिका दहन स्थल से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान नेपाल राष्ट्र के जिला जाजरकोट के थाना चाौखा अंतर्गत वार्ड नंबर 13 ग्राम गुरता निवासी वीर बहादुर मल्ला पुत्र नरबहादुर मल्ला व जाजरकोट के ही थाना सपला अंतर्गत वालेकोट आठ सेपु खोला निवासी नारायण सिंह पुत्र मन बहादुर सिंह के रूप में हुई। दोनों के कब्जे से पुलिस ने 10 किलो 250 ग्राम अफीम बरामद की।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के शिमला में रहकर नौकरी करते थे। वहां एक व्यक्ति से तीन लाख रुपये प्रति किलोग्राम की दर से अफीम देने का सौदा हुआ था। उसे ही देने के लिए अफीम ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई कर संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।