दीपावली पर यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे 25 अक्तूबर को दो और स्पेशल ट्रेनें चलाने जा रहा है। वहीं, आईआरसीटीसी की ओर से संचालित तेजस एक्सप्रेस में एसी चेयरकार की तीन और एग्जीक्यूटिव श्रेणी की एक बोगी बढ़ाई गई है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि स्पेशल ट्रेन 04018 नई दिल्ली से 25 अक्तूबर की रात 10:45 बजे रवाना होगी।
यह मुरादाबाद, चंदौसी, बरेली कैंट होते हुए 26 अक्तूबर की सुबह 9:40 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में स्पेशल ट्रेन 04017 लखनऊ से 26 अक्तूबर को शाम 5:15 बजे चलकर सुबह 5:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन में सेकेंड एसी व थर्ड एसी की एक-एक बोगियां, स्लीपर के पांच व जनरल के सात कोच होंगे।
इसके अतिरिक्त नई दिल्ली से वाराणसी के लिए 04016 स्पेशल ट्रेन 25 अक्तूबर की दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और मुरादाबाद, बरेली के रास्ते रात 1:30 बजे चारबाग पहुंचेगी। इसके बाद यहां से सुल्तानपुर होकर अगली सुबह सात बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसमें स्लीपर बोगियां रहेंगी।