लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने अंसल कंपनी के मालिकों और कर्मचारियों के खिलाफ दो और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की हैं। आरोपियों पर सुशांत गोल्फ सिटी के सेलिब्रिटी मीडोज अपार्टमेंट निवासी सैन्यकर्मी राजेंद्र यादव और हुसैनगंज के रमेश सिंह से प्लॉट व फ्लैट के नाम पर 25 लाख की ठगी का आरोप है।
राजेंद्र के मुताबिक 2011 में उनकी मुलाकात अंसल के मालिक सुशील व प्रणव अंसल से हुई थी। उसी साल राजेंद्र ने अंसल के प्रोजेक्ट के तहत सुशांत गोल्फ सिटी में पहला प्लॉट और छह फरवरी 2014 में दूसरा प्लॉट बुक कराया था। सुशील को 22.52 लाख रुपये दिए थे।
उधर, हुसैनगंज निवासी रमेश के मुताबिक कई साल पहले उन्होंने अंसल की गोल्फ सिटी की योजना के तहत फ्लैट बुक कराया था। इसके लिए उन्होंने कंपनी में एडवांस में 2.55 लाख रुपये भी जमा किए थे। न तो कंपनी ने रजिस्ट्री की और न ही कब्जा दिया।
इंस्पेक्टर अंजनी मिश्र के मुताबिक सुशील अंसल, प्रणव अंसल, बीबी सिंह, हरीश गुल्ला, पीएन सिंह, विकास सिंह और फरहान खान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।