लखनऊ। इंदिरानगर में बच्चा चोरी के शक में महिला को बंधक बनाकर पीटने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इमरान हुसैन और रजीबुल इंदिरानगर के सुगामऊ के रहने वाले हैं। वहीं, डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा ने इस मामले में लापरवाही बरतने पर दरोगा गौरव और सिपाही शेर बहादुर को लाइन हाजिर कर दिया है। घटना की जानकारी होने पर दोनों मौके पर पहुंचे थे, इसके बावजूद दोनों ने लापरवाही की। मामले की जांच एसीपी गाजीपुर अतुल कुमार पांडेय को सौंपी गई है।
इस मामले में कोर्ट चार आरोपियों मो. आयनुद्दीन, जमालूद्दीन, सरीफुल इस्लाम और सनीदुल इस्लाम को जेल भेज चुका है। बता दें कि दस नवंबर को सोशल मीडिया पर महिला की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। घटना छह नवंबर की थी। महिला ने तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बचाने के लिए एक बच्चे को खींच लिया था। यह देख गिरफ्तार आरोपी व अन्य लोगों ने महिला को पीटना शुरू कर दिया था। दस नवंबर को मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। भागे चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।