लखनऊ। लॉन्ड्री दुकानदार से लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को कृष्णानगर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई बाइक, दो मोबाइल व दो तमंचे बरामद किए हैं।
डीसीपी साउथ टीएस सिंह ने बताया कि बंथरा निवासी श्रीनारायण की कृष्णानगर के कनौसी स्थित लक्ष्मीनगर इलाके में बिमल लॉन्ड्री नाम से दुकान है। 14 जून को वह मौसेरे भाई पारा निवासी राजकुमार के साथ दुकान पर थे। सुबह 11 बजे पिट्ठू बैग लेकर दो लुटेरे उनकी दुकान में ग्राहक बनाकर पहुंचे। असलहे के बल पर दुकानदार से चेन, अंगूठी और बाइक लूट ले गए थे। फुटेज की मदद से बुधवार रात पुलिस ने पंडित खेड़ा के पास बाइक सवार दो संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी। पुलिस ने दोनों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया।
पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम पीलीभीत पूरनपुर निवासी आरिफ और इटावा के भरथना निवासी अभिनव बताया। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल और 315 बोर के दो तमंचे बरामद किए। पूछताछ में दोनों ने लॉन्ड्री दुकान में घुसकर लूटपाट की बात कुबूली है। बदमाशों के पास से मिली बाइक दुकानदार की है। आरोपियों ने उसकी नंबर प्लेट हटा दी थी। दुकानदार से लूटी गई चेन व अंगूठी की बरामदगी के लिए दोनों को रिमांड पर लिया जाएगा।
कर्ज उतारने के लिए की थी लूट
एडीसीपी साउथ शशांक सिंह ने बताया कि आरोपी आरिफ ग्रेजुएट है और प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। कर्ज चुकाने के लिए आरिफ ने साथी अभिनव संग लूट की वारदात को अंजाम दिया था। अभी तक की जांच में दोनों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।