श्रावस्ती। यू डायस प्लस पोर्टल पर प्रोफाइल न बनाने वाले दो मदरसों व एक निजी विद्यालय पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कार्रवाई की गई है। तीनों शिक्षण संस्थानों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इन विद्यालयों को पुन: संचालन के लिए विभाग की अनुमति लेनी होगी।
विद्यालय के साथ छात्रों के विवरण अपडेट करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से यू डायस प्लस पोर्टल को विकसित किया गया है। विद्यालयों को पोर्टल पर विद्यालय की, शिक्षकों की व छात्रों की प्रोफाइल अपडेट करने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित तिथि बीतने के बाद भी दो मदरसे व एक निजी विद्यालय पोर्टल पर प्रोफाइल नहीं बना सके। इसपर विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए गिलौला क्षेत्र के मदरसा डॉ. फैजान मेमोरियल, मदरसा सलार फैजाने गाजी भौंसावां व श्री गणेश विद्या मंदिर कल्याणचक को अस्थायी रूप से यू डायस प्लस पोर्टल पर बंद कर दिया गया है।
बीएसए अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि यू डायस प्लस पोर्टल पर प्रोफाइल न बनाने वाले विद्यालयों को निष्क्रिय माना जाता है। जिससे इनको अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाता है। इन शिक्षण संस्थानों को पुन: संचालित करने के लिए संचालकों को विभाग से अनुमति लेनी होगी।