लखनऊ। काकोरी क्षेत्र में दो लाख की आबादी की शनिवार को सात घंटे तक बिजली गुल रही। यह संकट दुबग्गा स्थित 220 केवी उपकेंद्र से निकले 33 हजार वोल्ट की लाइन में खराबी से उत्पन्न हुआ, जिससे काकोरी उपकेंद्र ठप हो गया। सुबह 11:30 बजे बंद हुई बिजली शाम 6:30 बजे चालू हो सकी। इसके कारण छह फीडरों से जुड़े 50 से ज्यादा गांवों और नगर पंचायत काकोरी के मोहल्लों में बिजली-पानी का संकट खड़ा हो गया।
उधर, काकोरी नगर पंचायत निवासी रविराज, आलोक वर्मा, सतीश, पप्पू यादव, विपिन राजपूत, कमल किशोर, सोनू, जितेंद्र, जय सिंह आदि ने बताया कि पिछले कुछ समय में चार बार से अधिक बार 33 हजार केवी लाइन में खराबी आ चुकी है, जिससे काकोरी उपकेंद्र की बिजली बार-बार ठप हो रही है।
एसडीओ एतबार अहमद ने बताया कि दुबग्गा में 33 हजार केवी लाइन का केबल खराब हो गया था, जिसकी मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है।