गोसाईगंज में मंगलवार को डायरिया से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती दो मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है।
इस इलाके में डायरिया से पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
डायरिया से दो लोगों की मौत के बाद सीएचसी के चिकित्सकों की टीम ने क्षेत्र का दौरा कर दवाइयां और ओआरएस का पैकेट बांटा और लोगों को डायरिया से बचाव के तरीकों की जानकारी दी।
बाराबंकी, सफेदाबाद की रहने वाली चंद्रावती गुप्ता (40) अपनी मां से मिलने के लिए गोसाईगंज पहुंची थी। एक दिन पहले उनको उल्टी-दस्त की शिकायत हुई तो निजी अस्पताल में इलाज कराया।
मंगलवार को उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। सरकारी अस्पताल ले जाने के दौरान चंद्रावती ने दम तोड़ दिया। इस कस्बे के रहने वाले भगवती गुप्ता (55) की मौत भी उल्टी-दस्त से हो गई।
डायरिया से दो लोगों की मौत के बाद मौके पर पहुंची चिकित्सकों की टीम ने पाया कि इलाके के लोग दूषित पानी पीने से डायरिया के शिकार हो रहे हैं।
इस इलाके की रहने वाली स्वाति (2), शांति (40) और निशा (70) को डायरिया की शिकायत पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. जीके सिंह ने स्थानीय लोगों को साफ-सुथरा खाना खाने के साथ उबला हुआ पानी पीने के लिए कहा है।