फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोती रही नर्स, तड़प कर मर गए दो मासूम

Mon, 28 Jul 2014 01:59 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
ड्यूटी पर तैनात एक नर्स ने संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दी, जिससे अस्पताल में दो मासूमों ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन


ड्यूटी पर तैनात नर्स जिला अस्पताल के बाल रोग विभाग में सोती रहीं, इस बीच इलाज के अभाव में दो मासूमों ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

गुस्साए तीमारदारों व अन्य लोगों ने करीब ढाई घंटे तक जमकर हंगामा किया। वार्ड परिसर में शवों को रखकर प्रदर्शन किया।

सीएमएस व पुलिस ने तीमारदारों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सभी नर्स पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सीएमएस ने नर्स से स्पष्टीकरण तलब किया है।

नहीं खुला दरवाजा

पयागपुर अंतर्गत नेजाभार गांव निवासी जिला पंचायत सदस्य राम सुरेश यादव की बेटी आकांक्षा (6) बुखार से पीड़ित थी।
उसे शनिवार रात करीब एक बजे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सुबह करीब तीन बजे आकांक्षा की तबियत ज्यादा बिगड़ने लगी।

जिस पर राम सुरेश यादव ने चिल्ड्रेन वार्ड में तैनात नर्स जुबेदा से मदद मांगी। लेकिन वह वार्ड स्थित कमरे में सो रही थी। राम सुरेश ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया।

इस पर रामसुरेश भागकर इमरजेंसी ओपीडी पहुंचे। जहां इएमओ डॉ. आरके बसंत ने आकांक्षा की जांच करते हुए बाहर से इंजेक्शन लाने को लिख दिया और चले गए।

परिवारवालों ने काटा बवाल

राम सुरेश इंजेक्शन लेकर आए तो वहां लगाने वाला कोई नहीं था। करीब आधे घंटे तक वह चिल्ड्रेन वार्ड से इमरजेंसी ओपीडी के चक्कर काटते रहे।

सुबह के करीब 6 बजे मिले एक वार्ड बॉय ने काफी मिन्नतों के बाद आकांक्षा को इंजेक्शन लगाया। लेकिन एक घंटे के बाद आकांक्षा ने दम तोड़ दिया। इस बीच खैरीघाट के भदरखा गांव निवासी अर्चना (4) ने भी इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया।

अर्चना के परिवारीजनों ने भी डॉक्टरों व कर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।

अर्चना व आकांक्षा के शवों को वार्ड परिसर में रखकर प्रदर्शन किया गया। मौके पर पहुंचे सीएमएस ने परिवारीजनों को शांत कराने का काफी प्रयास किया।

डॉ. केके वर्मा ने मांफी मांगी, लेकिन पीड़ित परिवार डॉक्टर व नर्स पर कार्रवाई की मांग पर डटे रहे। जिला पंचायत सदस्य राम सुरेश ने नर्स जुबेदा के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन

नर्स से मांगा स्पष्टीकरण

सीएमएस डॉ. माहेश्वरी पांडेय ने बताया कि आकांक्षा को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। फिर भी पीड़ित परिवार के शिकायत पर वार्ड में तैनात नर्स जुबेदा से स्पष्टीकरण तलब किया है।

वहीं, प्रभारी सीएमओ जेएन मिश्र ने बताया कि बाल रोग विभाग में दो बच्चों की मौत का मामला सामने आया है।

इलाज के लापरवाही की बात कही जा रही है। टीम गठित कर पूरे मामले की जांच कराएंगे। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें