संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। जिले में एक तरफ रसोई गैस न मिलने से उपभोक्ता परेशान होते हैं, दूसरे तरफ अवैध कारोबार में लगे लोग घरों में भंडारण करके महंगे दामों पर रसोई गैस सिलिंडर बेचकर मुनाफा कमाते हैं। शिकायत मिलने पर आपूर्ति निरीक्षक ने विशुनपुर गांव में छापा मारा और 11 खाली और भरे सिलिंडर बरामद किए।
आपूर्ति निरीक्षक अविनाश चंद्र पांडेय ने बृहस्पतिवार को बछरावां कोतवाली में तहरीर देकर दो युवकों के विरुद्ध एलपीजी सिलिंडर के अवैध भंडारण का मुकदमा पंजीकृत कराया है। तहरीर में आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि विशुनपुर निवासी सौरभ कुमार, अमित कुमार के घर से कुल 11 घरेलू सिलिंडर बरामद हुए हैं। इनमें से सात सीलबंद भरे हुए मिले, जबकि चार घरेलू खाली सिलिंडर बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि इन सिलिंडरों को अवैध रूप से भंडारण किया गया था। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि कस दर्ज कर जांच की जा रही है।