लखनऊ। मड़ियांव के रायपुर इलाके में पान थूकने पर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। एक पक्ष पर आरोप है कि दबंगों ने न केवल युवक से गाली-गलौज व मारपीट की, बल्कि बचाव में आई महिला से घर में घुसकर अभद्रता भी की। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और बंधक बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महर्षिनगर निवासी बबलू गौतम के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे वह रायपुर कॉलोनी में काम के सिलसिले में घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान कॉलोनी के ही रहने वाले रोहित यादव और राहुल यादव कार से आए और बबलू पर पान की पीक थूक दी। उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों ने जातिसूचक गालियां दीं। शोर सुनकर घर से बाहर आईं मालकिन के विरोध करने पर रोहित यादव, राहुल यादव और सरकारी गनर सुनील कुमार जबरन घर में घुस आए और उनके साथ बदसलूकी की। आस-पास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए भाग गए। आरोप है कि दोपहर बाद ये लोग अपने अन्य साथियों के साथ फिर से आए। घर में घुसकर मारपीट की। शोर सुनकर घर के मालिक बाहर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कार को गेट पर छोड़कर भाग गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के राहुल कुमार ने बबलू के मालिक और उनके सात-आठ साथियों पर भाई राजू कुमार और सरकारी गनर सुनील कुमार के साथ गाली-गलौज, मारपीट, कार्बाइन छीनने और बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर सोमवार को चार नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।