मोहनलालगंज। एनट्रास होटल में देर रात आयोजित मुंडन संस्कार में दो पक्षों में कार पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। तीन युवकों ने दो अज्ञात दोस्तों के साथ मिलकर दो सराफ भाइयों की डंडों व बेल्ट से पिटाई कर दी। आरोप है कि दबंगों ने सराफ भाइयों से मोबाइल, सोने की चेन और लाइसेंसी रिवॉल्वर लूट लिए। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवकों के विरुद्ध डकैती समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही दो आरोपियों को हिरासत में लेकर लूटा गया रिवॉल्वर व मोबाइल बरामद कर लिया है।
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, तेलीबाग निवासी हेमंत सोनी की मोहनलालगंज में लक्का ज्वैलर्स नाम से दुकान है। हेमंत ने बताया कि वह बड़े भाई शंकर सोनी के साथ राज गुप्ता की बेटी के मुंडन संस्कार में शामिल हुए थे। रात 11 बजे होटल से लौटते समय पार्किंग में उनकी कार सवार युवकों से बहस हो गई। थोड़ी देर बाद हरिकंश गढ़ी के रवि सिंह, आर्यन सिंह, निखिल सिंह और दो अज्ञात ने डंडों व बेल्टों से दोनों की पिटाई की।
इंस्पेक्टर के मुताबिक होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे गए हैं। दो आरोपी रवि उर्फ विक्की सिंह और आर्यन सिंह को हरिकंश गढ़ी के पास से हिरासत में लिया गया है। उनके पास छीनी गई रिवॉल्वर और मोबाइल बरामद हुए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पिटाई से घायल सराफ भाई।