लखनऊ। मोतीनगर स्थित राजकीय बालगृह बालिका से भागीं पांच संवासिनियों में से दो और को पुलिस ने बृहस्पतिवार को हरदोई व अमरोहा से ढूंढ़ निकाला। तीन को पहले ही खोज लिया गया था। पुलिस के मुताबिक, चार को बालगृह भेज दिया गया है। वहीं बची एक संवासिनी का बयान दर्ज करवाकर सौंप दिया जाएगा।
नाका थाना प्रभारी मनोज मिश्रा के मुताबिक, सीतापुर और सुल्तानपुर से बरामद हुईं संवासिनी से पूछताछ में सामने आया था कि बाकी दोनों हरदोई और अमरोहा गई थीं। इसके बाद पुलिस ने वहां से दोनों को बरामद कर लिया। पुलिस के डर से कोई उनको अपने घर में रखना नहीं चाहता था। इसके चलते संवासिनियों को रुकने का कोई ठिकाना नहीं मिल रहा था। वहीं प्रभारी के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया है कि भागने वाली पांच संवासिनियों में से एक ने अपने पास मोबाइल होने की बात कुबूल की थी। पुलिस ने महज चार दिन में छह टीमों की बदौलत पांचों संवासिनियों को अलग-अलग जगहों से बरामद कर लिया।