आगरा में दो फुटवियर इकाइयों का शुभारंभ
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना काल में सरकार के निवेश प्रोत्साहन से जुड़े प्रयासों का बड़ा असर सामने आया है। जर्मनी की वॉन वेलेक्स कम्पनी ने आगरा में दो फुटवियर इकाइयों का शुभारंभ करने में सफलता हासिल की है। अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से इन इकाइयों का उद्घाटन किया।
इन इकाइयों की स्थापना एक्सपोर्ट प्रमोशन इंडस्ट्रियल पार्क आगरा में इआट्रिक इण्डस्ट्रीज ग्रुप के साथ साझेदारी में की गई हैं। इन दोनों इकाइयों में 2,000 रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं तथा 25 लाख जोड़ी जूतों की वार्षिक उत्पादन क्षमता है।
यहां बताया गया कि वॉन वेलेक्स प्रदेश में विभिन्न चरणों में तीन परियोजनाएं शुरू करेगी। इन पर लगभग 300 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 10,000 लोगों को रोजगार मिल सकेगा। इन परियोजनाओं में कम्पनी द्वारा विभिन्न प्रकार के 50 लाख जोड़ी जूतों के वार्षिक उत्पादन का लक्ष्य है।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में संकट को अवसर में बदलने के विजन के परिणाम मिलने लगे हैं। राज्य सरकार के सक्रिय दृष्टिकोण से यह संभव हुआ है।