लखनऊ। राजधानी के बिजली सुधार कार्य में लापरवाही बरतने पर दो फर्मों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। मध्यांचल बिजली वितरण निगम के निदेशक (तकनीकी) हरीश बंसल ने यह आदेश जारी किया। इससे पहले अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने दोनों फर्मों को ब्लैक लिस्ट करने के लिए पत्र भेजा था। ब्लैकलिस्ट होने वाली लखनऊ की कलश एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड और आगरा की स्टर्न इंफ्राटेक फर्म बिजली विभाग के साथ कोई भी व्यापार नहीं कर सकेंगी। दोनों फर्मों की 10-10 फीसदी जमानत धनराशि को भी जब्त कर लिया गया है।
मोहलत देने पर भी बरती लापरवाही
मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि बिजनेस प्लान 2024-25 के तहत दोनों फर्मों ने सुधार कार्य के लिए अनुमानित एक-एक करोड़ रुपये से ज्यादा के ठेका लिया था। अनुबंध के तहत कार्य को पूरा नहीं किया गया तो उनको चेतावनी पत्र देकर मोहलत भी दी गई। फिर भी दोनो फर्म बिजनेस प्लान के काम को पूरा करने में दिलचस्पी नहीं ले रही थी। सुधार कार्य न होने के कारण गर्मी में उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी।