फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: निफ्ट में दो दिनी वार्षिक महोत्सव स्पेक्ट्रम का शुभारंभ

Fri, 09 Feb 2024 02:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) में दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव स्पेक्ट्रम बृहस्पतिवार से शुरू हुआ। इसमें निफ्ट के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, शैक्षणिक, फैशन एवं खेलकूद की गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस बार की थीम एलिक्जर है, जिससे पृथ्वी, अग्नि, जल एवं वायु की छटा नजर आई। विद्यार्थियों ने इला, एंबर, सफायर और जेफायर टीम के रूप में सांस्कृतिक एवं खेल मुकाबलों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की।
विज्ञापन


शतरंज और कैरम मुकाबलों में इला टीम के मो. अमन ने जीत हासिल की। जबकि शतरंज में टीम एंबर के सूरज चंद्र प्रजापति ने बाजी मारी। वाॅलीबाॅल में सफायर टीम इला टीम को हराकर विजेता बनी। वहीं जेफायर टीम के नकुल माली ने स्लैम पोएट्री और उत्कलिका ने बैटल ऑफ बैंड्स में जीत हासिल की। स्लैम पोएट्री में अन्वेशन प्रियम और बैटल आफ बैंड्स में ध्रुव नारायण उप विजेता रहे। अंत्याक्षरी में टीम इला की सुहानी संस्कृति एवं सत्या ठाकुर को विजेता घोषित किया गया। टीम जेफायर की अनन्या सक्सेना एवं संघ ज्योति उपविजेता रही। पहले दिन की प्रतियोगिताओं के सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

स्पेक्ट्रम के जरिए प्रतिभा दिखाने का दे रहे मंच
मुक्ता सभागार में वार्षिक महोत्सव के उद्घाटन समारोह में निदेशक नंदन सिंह बोरा ने कहा निफ्ट हमेशा से अपने विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास के लिए जरूरी प्रयास करता रहा है। हर वर्ष संस्थान की ओर से स्पेक्ट्रम का आयोजन इन्हीं प्रयासों को साकार करने का हिस्सा है। इस वर्ष स्पेक्ट्रम के जरिए एक बार फिर यहां के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान किया गया है। उन्होंने प्रतिभागियों से कहा कि परिणाम की चिंता छोड़कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करें। वार्षिक महोत्सव स्पेक्ट्रम के मद्देनजर संस्थान परिसर को विद्यार्थियों ने ही पूरे उत्साह के साथ मेहनत से सजाने का काम किया। पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया।
विज्ञापन


आज के प्रमुख कार्यक्रम: फैशन शो रहेगा आकर्षण
स्पेक्ट्रम में दूसरे दिन शुक्रवार को समूह नृत्य, युगल गायन, टैलेंट शो, फोटोग्राफी, शॉर्ट फिल्म, थ्रो बाॅल, फुटसल, बास्केटबाॅल, बैडमिंटन, ऐड मेड, क्रॉस वर्ड, क्विज मुकाबलों के साथ ही मिस्टर एंड मिस स्पेक्ट्रम प्रतियोगिता कराई जाएगी। निफ्ट की स्टूडेंट डेवलपमेंट एक्टिविटी कोऑर्डिनेटर डॉ. स्तुति सोनकर ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फैशन शो है। जिसमें अवंत गार्ड और रेडी-टू-वियर की दो श्रेणियों में छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करेंगे। शुक्रवार शाम होने वाले समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिषेक अग्रवाल भाग लेंगे।

मिलेंगे पुराने विद्यार्थी, तो ताजा होंगी यादें
रायबरेली। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) में शुक्रवार (9 फरवरी) को पूर्व छात्र मिलन समारोह भी होगा। जिसमें वर्ष 2011 से 2023 तक उत्तीर्ण विद्यार्थी शामिल होंगे। वे अपनी यादें और अनुभव साझा करके वर्तमान विद्यार्थियों को प्रेरित भी करेंगे। देश के अलग-अलग हिस्सों में काम करने वाले 42 पूर्व विद्यार्थियों के आने की सहमति मिल गई है। सहायक प्राध्यापक प्रवीन श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संबंधों को मजबूत करना है। इसमें फैशन के क्षेत्र में संभावनाओं और जरूरतों पर चर्चा होगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें