सुल्तानपुर जिले के बलरामऊ गांव के पास पुलिस व बदमाशों की मुठभेड़ हो गई जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और उनके पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने असलहा, कार और कारतूस बरामद किए हैं।
बलरामऊ गांव के पास रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उनके पास से दो असलहे, चार कारतूस व एक कार मिली है। पुलिस के मुताबिक, बदमाश किसी की हत्या की वारदात को अंजाम देने जा रहे थे।
विज्ञापन
गोसाईगंज थाने की पुलिस व एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह बलरामऊ गांव के पास घेराबंदी की। इसी बीच सैफुल्लागंज की तरफ से एक कार आती दिखी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया तो उस पर बैठे एक बदमाश ने गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश शक्ति सिंह व देव दत्त सिंह उर्फ बाबा निवासीगण जासापारा गोसाईगंज के पैर में गोली लग गई। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि घायल बदमाशों को सीएचसी जयसिंहपुर से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। दोनों बदमाशों पर लगभग आधा दर्शन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।