लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अंसल कंपनी के खिलाफ 38.48 लाख रुपये की ठगी की दो और एफआईआर दर्ज हुई हैं। प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। इसके साथ ही शहरभर के थानों में कंपनी के खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या 283 हो गई है।
विज्ञापन
वाराणसी के अर्दली बाजार निवासी ओम प्रकाश के मुताबिक वर्ष 2007 में उन्होंने अंसल में 27.56 लाख रुपये का प्लॉट बुक कराया था। इसका पूरा भुगतान भी कर दिया। कंपनी ने सोसाइटी विकसित होने पर रजिस्ट्री करने की बात कही, लेकिन 23 जुलाई 2011 को उन्हें दूसरा प्लॉट आवंटित कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि 18 वर्ष बाद भी अधिकारियों ने न तो सोसाइटी विकसित की और न प्लॉट की रजिस्ट्री की।
इसी तरह गोमतीनगर के विरामखंड निवासी जेएस बिष्ट ने वर्ष 2011 में कंपनी से 10.92 लाख रुपये का प्लॉट खरीदा था। आज तक इसकी भी रजिस्ट्री नहीं की गई। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक दोनों मामलों की विवेचना की जा रही है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।